स्पोर्ट्स डेस्क11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
टीम इंडिया के स्टार बैटर केएल राहुल 23 जनवरी को शादी कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज से ब्रेक लिया है। शादी के बाद वे फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया से जुड़ जाएंगे।
दोबारा जब वे क्रिकेट फील्ड पर उतरेंगें तो उनका प्रदर्शन बेहतर होगा या कमतर?
इसका सटीक जवाब तो समय के साथ ही पता चलेगा। फिलहाल हम यह देख सकते हैं कि राहुल के साथ भारतीय टीम में खेले स्टार खिलाड़ियों के करियर पर मैरेज का क्या इफेक्ट रहा था। इसके लिए हमने तीन नाम शॉर्ट लिस्ट किए है। विराट कोहली, रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी।
इन खलाड़ियों का शादी के पहले भी अच्छा खासा करियर रहा और शादी के बाद भी। निजी जीवन का स्टैटस सिंगल से मैरिड होने का करीबी असर जानने के लिए हम इन खिलाड़ियों के शादी से पहले के दो साल के करियर को शादी के बाद के दो साल बाद तक के करियर से कॉम्पेयर कर के देखेंगे।
सबसे पहले राहुल की शादी से जुड़ी ये जरूरी सूचना
केएल राहुल बॉलीवुड एक्ट्रेस अथिया शेट्टी से 23 जनवरी को शादी करेंगे। अथिया दिग्गज एक्टर सुनील शेट्टी की बेटी हैं। सुनील शेट्टी के खंडाला स्थित फार्महाउस पर ही दोनों शादी के बंधन में बंधेंगे। 21 जनवरी को दोनों के प्री वेडिंग फंक्शन शुरू हो चुके हैं। उनकी शादी में कुछ फैमिली मेंबर्स और करीबी दोस्तों को ही बुलाया गया है।
केएल राहुल और अथिया शेट्टी 23 जनवरी को खंडाला में शादी करेंगे।
अब देखते हैं राहुल का अब तक का करियर
केएल राहुल भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में एक हैं। 2014 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने के बाद उन्होंने 2019 का वनडे वर्ल्ड कप और 2021 व 2022 का टी-20 वर्ल्ड कप भी खेला। 2021 में पहली बार हुई वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की कुछ सीरीज जीत में भी राहुल ने अहम भूमिका निभाई।
अब तक खेले 45 टेस्ट में उन्होंने 34.26 की औसत से 2604 रन बनाए हैं। इनमें उनके बैट से 7 शतक और 13 फिफ्टी आईं। 6 शतक उन्होंने भारत के बाहर ही लगाए। वनडे के 51 मैचों में उन्होंने 44.52 की औसत 1870 रन बनाए। इनमें 5 शतक और 12 फिफ्टी आईं। वहीं, 72 टी-20 में 139.12 के स्ट्राइक रेट से राहुल ने 2265 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उन्होंने 2 शतक और 22 फिफ्टी लगाईं। कुल मिलाकर कहें तो अब तक उनका करियर इंटरनेशनल क्रिकेटर के रूप में शानदार रहा है।
धोनी के औसत में आई गिरावट, कप्तानी में जलवा कायम
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 4 जुलाई 2010 को साक्षी सिंह से शादी की। शादी से पहले उन्होंने भारत को अपनी कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप जिताया था। शादी से पहले ठीक 2 साल में धोनी ने 2008 से 2010 तक उन्होंने 14 टेस्ट में 67.33 की औसत से 1010 रन बनाए थे। इनमें 3 शतक और 8 फिफ्टी शामिल थी। 52 वनडे में 58.34 की औसत से 2042 रन बनाए। इनमें 3 शतक और 14 फिफ्टी आईं। 15 टी-20 में 112.55 के स्ट्राइक रेट से 269 रन बनाए।
अब शादी के ठीक बाद के दो सालों यानी जुलाई 2010 से जुलाई 2012 तक धोनी ने 24 टेस्ट में 29.21 की औसत से 1081 रन बनाए। इनमें एक शतक और 7 फिफ्टी आईं। 40 वनडे में 53.63 की औसत 1180 रन बनाए। वहीं, 6 टी-20 में 101.88 के स्ट्राइक रेट से 108 रन बना सके। अगले ग्राफिक्स में आप इस कॉम्पेरिजन को तीनों फॉर्मेट को मिलाकर भी देख सकते हैं। ये आंकड़े यही कहते हैं कि शादी के बाद धोनी की बैटिंग फॉर्म थोड़ी कमजोर हुई। लेकिन, बतौर कप्तान उनकी धाक और बढ़ गई। उन्होंने भारत को 2011 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया।
विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जिताई
11 दिसंबर 2017 को विराट कोहली ने बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा से शादी की। शादी के पहले से वे भारत के टेस्ट कप्तान थे, शादी के बाद वह तीनों फॉर्मेट के कप्तान बन गए। शादी के 2 साल पहले दिसंबर 2015 से दिसंबर 2017 तक उन्होंने 22 टेस्ट में 75.80 की औसत से 2274 रन बनाए। इनमें 9 शतक और 3 फिफ्टी लगाईं। 36 वनडे में 81.44 की औसत से 2199 रन बनाए। इनमें भी 9 शतक और 11 फिफ्टी लगाईं। वहीं, 25 टी-20 में तो 143.95 के स्ट्राइक रेट से 940 रन बनाए।
शादी के बाद कोहली ने बतौर कप्तान भारत को ICC चैंपियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, वेस्टइंडीज में टेस्ट सीरीज जिताईं। 2017 से 2019 तक 21 टेस्ट में 58.60 की औसत से 1934 रन बनाए। इनमें 7 सेंचुरी और 7 फिफ्टी शामिल हैं। 37 वनडे में 85.85 की औसत से 2490 रन बनाए। इनमें 11 शतक और 9 फिफ्टी आईं। वहीं, 20 टी-20 में 138.72 के स्ट्राइक रेट से 677 रन बनाए।
कुल मिलाकर कहें तो शादी के पहले और बाद विराट की बल्लेबाजी पर कोई खास फर्क नहीं आया। वे सिंगल होते हुए भी भारत की रन मशीन थे और मैरिड होते हुए भी। हां बाद में 2019 से 20200 तक में फॉर्म में गिरावट जरूर आई लेकिन तब तक उनकी शादी के बहुत दिन बीत चुके थे। अब वे एकबार फिर शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और पिछले पांच वनडे में तीन शतक जमा चुके हैं। अगली तस्वीर में आप तीनों फॉर्मेट मिलाकर विराट की शादी से दो साल पहले और शादी से दो साल बाद की बल्लेबाजी का कॉम्पेरिजन देख सकते हैं।
रोहित के प्रदर्शन में जबरदस्त सुधार
13 दिसंबर 2015 को टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने रितिका सजदेह से शादी की। शादी के 2 साल पहले 2013 से 2015 के बीच वह चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम इंडिया का हिस्सा रहे। तब 14 टेस्ट में उन्होंने 23.38 की औसत से 608 रन बनाए। 29 वनडे में 51.59 की औसत से 1393 रन बनाए। इनमें 2 दोहरे शतक के साथ 4 शतक और 7 फिफ्टी आईं। वहीं, 8 टी-20 में 130.15 के स्ट्राइक रेट से 328 रन बनाए। इनमें एक शतक और 2 फिफ्टी आईं।
शादी के बाद 2015 से 2017 तक खेले 7 टेस्ट में उन्होंने 84.16 की औसत से 505 रन बनाए। 30 वनडे में 71.15 की औसत से 1850 रन बनाए। इनमें 8 शतक और 7 फिफ्टी भी लगाईं। वहीं, 24 टी-20 में 132.33 के स्ट्राइक रेट से 618 रन बनाए। तीन फॉर्मेट मिलाकर कॉम्पेरिजन अगली तस्वीर में देख सकते हैं। आंकड़े यही कहते हैं रोहित शादी के बाद पहले से बेहतर बल्लेबाज बने।
For all the latest Sports News Click Here
For the latest news and updates, follow us on Google News.