- Hindi News
- Sports
- FIH Hockey Stars Awards 2021 Update; Harmanpreet Singh And Savita (Best Goalkeeper, Women)
3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम के ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह और गुरजीत कौर को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने (FIH) साल 2020-21 का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया है। FIH के इस साल के घोषित आठों कैटेगरी के अवॉर्ड भारत के खाते में गए हैं।
इसके अलावा पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश और महिला टीम की गोलकीपर सविता पूनिया को साल के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का खिताब दिया गया है। पुरुष टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड और महिला टीम के उनके समकक्ष शोर्ड मारिन को साल का सर्वश्रेष्ठ कोच घोषित किया गया है। वहीं उभरते खिलाड़ी के दोनों अवॉर्ड भी भारतीय खिलाड़ियों शर्मिला देवी और विवेक प्रसाद को दिया गया है।
हरमनप्रीत ने टोक्यो ओलिंपिक में 6 गोल किए थे
हरमनप्रीत ने टोक्यो ओलिंपिक के आठ मैचों में ड्रैग-फ्लिक से 6 गोल किए थे, जिससे भारतीय पुरुष टीम 41 साल बाद ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रही। इस अवॉर्ड के लिए पुरुषों के वर्ग में हरमनप्रीत के अलावा ओलिंपिक गोल्ड मेडल विजेता बेल्जियम के ऑर्थर वैन डोरेन और अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स तथा सिल्वर मेडल विजेता ऑस्ट्रेलिया के जेक वेटन, अरन जालेव्स्की और टिम ब्रांड को भी नॉमिनेट किया गया था। अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स दूसरे और वैन डोरेन तीसरे स्थान पर रहे।
महिला टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाने में गुरजीत का अहम योगदान रहा था
टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम चौथे स्थान पर रही थी। ब्रॉन्ज मेडल के लिए ब्रिटेन के साथ हुए मैच में गुरजीत कौर ने 2 गोल किए थे। इस मैच में भारतीय टीम 0-1 से पीछे चल रही थी, गुरजीत ने लगातार दो गोल कर इस मैच में भारत को 1-2 से आगे कर दिया था। एक समय भारतीय टीम 3-2 से आगे थी, लेकिन इंग्लैंड ने वापसी करते हुए इस मैच को 4-3 से जीत लिया था। वहीं गुरजीत ने क्वार्टर फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गोल कर टीम को 1-0 से जीत दिलाई थी।
गुरजीत के अलावा साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी पुरस्कार की दौड़ में अर्जेंटीना की अगस्टिना अल्बर्टारियो और अगस्टिना गोरजेलेनी के साथ नीदरलैंड की ईवा डी गोएडे, फ्रेडरिक मटला और मारिया वर्चुर भी शामिल थीं। ईवा डी गोएडे दूसरे और फ्रेडरिक मटला तीसरे स्थान पर रहीं।
श्रीजेश और सविता पूनिया भारतीय टीम के वॉल
साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोलकीपर का पुरस्कार श्रीजेश को दिया गया है। श्रीजेश के अलावा इस रेस में बेल्जियम के विन्सेंट वनास्च और ऑस्ट्रेलिया के एंड्रयू चार्टर भी थे। विन्सेंट वनास्च को दूसरा सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। जबकि चार्टर तीसरे स्थान पर रहे।
महिलाओं में सविता, के मैडी हिंच और अर्जेंटीना की बेलेन सुसी से आगे रहीं। बेलेन सुसी दूसरे और मैडी हिंच तीसरे स्थान पर रहीं।
सविता पूनिया को साल के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का खिताब दिया गया है।
शर्मिला देवी और विवेक प्रसाद उभरते खिलाड़ी
भारत की शर्मिला देवी, फियोना क्रैकल्स (ग्रेट ब्रिटेन) और वेलेंटीना रापोसो (अर्जेंटीना) पर बढ़त बनाते हुए साल की उभरती हुई सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बनीं। वेलेंटीना रापोसो दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं पुरुषों में विवेक प्रसाद को उभरते खिलाड़ी के अवॉर्ड से नवाजा गया है। मुस्तफा कासिम (दक्षिण अफ्रीका) दूसरे और सीन फाइंडले (न्यूजीलैंड) तीसरे स्थान पर रहे।
बेस्ट कोच अवॉर्ड भी भारत के खाते में
साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष कोच के लिए भारतीय कोच रीड ने बाजी मारी है। शेन मैकलियोड दूसरे (बेल्जियम) और कॉलिन बैच (ऑस्ट्रेलिया) तीसरे स्थान पर रहे। वहीं महिला टीम के सर्वश्रेष्ठ कोच का अवॉर्ड भी भारतीय महिला टीम के कोच शोर्ड मारिन को घोषित किया गया। एलिसन अन्नान (नीदरलैंड) दूसरे और मार्क हैगर (ग्रेट ब्रिटेन) तीसरे स्थान पर रहे।
वोट के आधार पर हुआ चयन
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, गोलकीपर, कोच, उभरते खिलाड़ी का चयन वोटों के आधार पर हुआ।। FIH के अनुसार खिलाड़ी और कोच को 23 अगस्त से 15 सितंबर तक विभिन्न कैटगरी में नॉमिनेट किया गया। राष्ट्रीय संघों के 50 प्रतिशत मत और खिलाड़ियों व फैन्स के 25-25 प्रतिशत मत शामिल किए गए।
For all the latest Sports News Click Here
For the latest news and updates, follow us on Google News.