PCB के पास गेंदबाज के इलाज के लिए पैसे नहीं: शाहिद अफरीदी बोले- चोटिल शाहीन खुद अपने पैसे से इंग्लैंड जाकर करा रहे हैं इलाज
3 मिनट पहले
अगस्त में श्रीलंका के साथ खेले गए पहले टेस्ट मैच में शाहीन अफरीदी को घुटने में चोट लग गई थी। जिसके बाद वह एशिया कप से भी टीम से बाहर हो गए थे।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की आर्थिक हालत खराब है। स्थिति यह है कि अपने खिलाड़ियों का इलाज करवाने तक का पैसा उसके पास नहीं है। पाकिस्तान टीम के पेस अटैक की जान शाहीन शाह को अपने चोट के इलाज का खर्च खुद ही उठाना पड़ रहा है। इसका खुलासा उनके होने वाले ससुर और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहीद अफरीदी ने किया है। मौजूदा समय में पाकिस्तान के सबसे सफल गेंदबाज शाहीन अफरीदी चोट की वजह से एशिया कप 2022 में नहीं खेल पाए थे। हालांकि, वह टीम के साथ UAE गए थे। वहीं शाहीन को ऑस्ट्रेलिया में अगले महीने होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की टीम में भी चुना गया है।
पूर्व कप्तान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कह रहे हैं कि शाहीन को खुद इलाज करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा- शाहीन अफरीदी अपनी टिकट पर इंग्लैंड गए। इंग्लैंड में अपने खर्चे पर रुके। यहां पर मैने डॉक्टर को अरेंज किया, वहां पर उन्होंने डॉक्टर को कॉन्टेक्ट किया। उनके इलाज में PCB ने कुछ नहीं किया। उन्होंने इस पर चिंता जाहिर करते हुए आगे कहा कि शाहीन की जगह कोई भी लड़का हो, जो देश के लिए खेल रहा है और आपकी टीम का अहम सदस्य है, उसके इंजर्ड होने पर उसकी देखभाल रखना PCB की जिम्मेदारी है। ये नहीं की उसे उसके हाल पर ही छोड़ देना चाहिए।
शाहीन अफरीदी को टी-20 वर्ल्ड कप में रखा गया है।
PCB के चिकित्सा अधिकारी ने कहा था शाहीन को घुटने की चोट को विशेष देखभाल की आवश्यकता है
शाहीन शाह अफरीदी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नजीबुल्लाह सूमरो ने उनके लंदन रवाना होने से पहले कहा था कि शाहीन को घुटने की चोट को विशेष देखभाल की आवश्यकता है और लंदन में दुनिया के बेहतरीन खेल चिकित्सा और रिहैबिलिटेशन की बेहतर सुविधाएं हैं। उन्होंने कहा कि हमारे डॉक्टर भी उनके संपर्क में हैं और नजर रखेंगे। उम्मीद है कि वर्ल्ड कप से पहले वह ठीक हो जाएंगे।
शाहीन 15 अक्टूबर तक टीम से जुड़ेंगे
शाहीन अफरीदी 15 अक्टूबर तक टीम के साथ जुड़ेंगे। टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को शाहीन अफरीदी से बड़ी उम्मीदें हैं। ऑस्ट्रेलिया की तेज और उछाल वाली पिचों पर लेफ्ट आर्म पेसर शाहीन पाकिस्तान के लिए कारगर साबित हो सकते हैं।
तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने 28 साल की उम्र में साल 2020 में संन्यास ले लिया था। वे पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं।
PCB से जुड़े विवाद
- PCB का प्रमुख बनने के बाद रमीज राजा ने बयान दिए थे कि दुनियाभर में क्रिकेट BCCI के सहारे ही चल रहा है। उन्होंने कहा था कि, ICC को अपने राजस्व का 90 फीसदी हिस्सा BCCI से हासिल होता है।
- पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने 2020 में 28 साल की उम्र में अंतराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने रिटायरमेंट के बाद PCB के अधिकारियों पर कई आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि मुझे वो सम्मान नहीं मिल रहा था, जिसका मैं हकदार था और इसी कारण से मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला लिया।
For all the latest Sports News Click Here
For the latest news and updates, follow us on Google News.